Thursday, July 29, 2010

बुधवार रात करीब 12 बजे एक चार मंजिला इमारत ढह गई।

मुंबई के कुर्ला में बुधवार रात करीब 12 बजे एक चार मंजिला इमारत ढह गई। इमारत के मलबे में दबकर एक 6 साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक कुर्ला के रफीक स्टेट में कई फ्लैट्स बने हुए थे। बुधवार रात अचानक यह इमारत ढह गई। हादसे की खबर मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। मलबे से घायलों को बाहर निकाला गया। बताया जाता है कि इस इमारत में 50 से ज्यादा लोग रहते थे। इमारत को दरकते देख कुछ लोग पहले ही वहां से बाहर आ गए थे।

Monday, July 26, 2010

विलंब से आरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सदन का बहिष्कार

महाराष्ट्र विधानसभा में शनिवार को विपक्षी विधायकों ने सरकार पर नौकरी के दौरान पदोन्नति में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को विलंब से आरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सदन का बहिष्कार किया। विपक्ष के नेता एकनाथ खाडसे ने कहा कि राज्य ने वर्ष 2004 में इस संबंध में कानून पारित किया था, लेकिन सरकार अन्य पिछडे़ वर्ग को पदोन्नति में आरक्षण देने वाले इस विधेयक को लागू करने में अभी तक असफल रही है। उन्होंने कुछ आईएएस अधिकारियों की टिप्पणी पर भी ध्यान दिलाया। आईएएस अधिकारियों ने कहा था कि अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को पदोन्नति में आरक्षण दिया जाना असंवैधानिक है जबकि इस संबंध में कानून मौजूद है। सामाजिक न्याय मंत्री शिवाजी राव मोगहे ने सदन को सूचित किया, 'सरकार इस बात को लेकर स्पष्ट है कि पदोन्नति में अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को आरक्षण दिया जाना चाहिए और वह इस संबंध में आ रही बाधाओं को दूर करने का प्रयास करेगी।' उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग के छात्रों को वर्ष 2002 से ही 100 प्रतिशत वजीफा दिया जा रहा है और वर्ष 2009-10 के बीच 560 करोड़ वितरित किए गए।

Thursday, July 22, 2010

31 की उम्र में महिलाएं सुंदर

इसमें कोई शक नहीं है कि महिलाएं सुंदर होती हैं लेकिन सबसे सुंदर वे 31 की उम्र में लगती हैं। यह दावा हाल ही में हुई एक स्टडी में किया गया है। शोधकर्ताओं ने देखा कि 18-19 साल की लड़कियों की तुलना में जीवन के 20वें दशक के आखिर और 30वें दशक के शुरू में पहुंच चुकी महिलाएं ज्यादा आकर्षक लगती हैं। 31 साल की उम्र में तो वे अपनी खूबसूरती के चरम पर होती हैं। इस सर्वे में 2000 महिला और पुरुषों से सवाल जवाब किए गए और नतीजा निकला कि सुंदरता बाहरी चमक-दमक के अलावा पर्सनैलिटी से भी जुड़ी होती है। अखबार द डेली टेलीग्राफ के मुताबिक 70 पर्सेंट लोगों का कहना था कि खूबसूरती का मतलब आत्मविश्वास से भरा होना है, 67 फीसदी ने अच्छे नैन-नक्श को अहमियत दी, जबकि 47 पर्सेंट ने कहा खूबसूरती मतलब स्टाइलिश होना।

Friday, July 16, 2010

11वीं में एडमिशन लेनेवाले दूसरे बोर्ड्स के छात्रों को भी देने को तैयार


इस बार कुछ तेजी से काम करते हुए राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में गुरुवार को कहा कि वह स्पोर्ट्स कोटे का फायदा 11वीं में एडमिशन लेनेवाले दूसरे बोर्ड्स के छात्रों को भी देने को तैयार है। राज्य के एडवोकेट जनरल रवि कदम द्वारा दिए गए इस स्टेटमेंट के बाद आईसीएसई स्टूडेंट्स द्वारा एसएससी बोर्ड के खिलाफ दायर की गई याचिका वापस ले ली गई। पिटिशनर ने एसएससी बोर्ड द्वारा स्पोर्ट्स कोटे में दिए गए 25 मार्क्स को टोटल में जोड़ने को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इसे आईसीएसई छात्रों की दोहरी जीत माना जा रहा है। बताया जाता है कि सरकार ने अन्य बोर्ड्स को अनुमति देने की सलाह टॉप कानूनी अफसरों ने दी थी, जिसको सरकार ने एजुकेशन विभाग के अफसरों की राय पर तरजीह दी। आईसीएसई छात्रों को स्पोर्ट्स कोटा के मार्क्स प्राप्त करने के लिए संबंधित कॉलेज में ऐसा प्रमाणपत्र देना होगा जिसमें यह साबित हो कि वे इसके योग्य हैं। रवि कदम ने अदालत को बताया कि 16 जुलाई से ऑनलाइन एडमिशन शुरू हो रहे हैं इसलिए यही प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। लेकिन ऑनलाइन एडमिशन सिर्फ मुंबई के लिए है। कदम ने कोर्ट को आश्वस्त किया कि सरकार मुंबई के सभी कॉलेजों को इस बारे में निर्देश देगी।

Tuesday, July 13, 2010

राज्य सरकार का प्रतिष्ठित राज कपूर सम्मान अभिनेता शाहरुख खान को दिए जाने की खबर गलत

मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार का प्रतिष्ठित राज कपूर सम्मान अभिनेता शाहरुख खान को दिए जाने की खबर गलत है। ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। विधानसभा में सोमवार को बीजेपी सदस्य देवेंद्र फडणवीस ने सम्मान का मुद्दा उठाया था। उनका तर्क था कि शाहरुख भले ही अच्छे अभिनेता हों, मगर ये सम्मान मराठी कलाकारों को दिया जाना चाहिए। उन्होंने दलील दी कि 'जोगवा' जैसे मराठी फिल्म को पांच-पांच राष्ट्रीय अवॉर्ड मिले हैं। वहीं, 'मी शिवाजी राजे बोलतोय' और 'नटरंग' जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की है। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करते हुए साफ किया कि सरकार वैसे भी इन पुरस्कारों का फैसला नहीं करती। इसके लिए अलग से समिति है, जो सम्मान के बारे में प्रस्ताव सरकार को भेजती है। फिलहाल, सरकार को ऐसा कोई प्रस्ताव मिला ही नहीं है। कुछ चैनलों ने शाहरुख को सम्मान दिए जाने की खबर चलाई, मगर इसमें सत्यता नहीं है। महाराष्ट्र सरकार हर साल हिन्दी सिनेमा में श्रेष्ठ योगदान के लिए राज कपूर सम्मान और मराठी सिनेमा में श्रेष्ठ योगदान के लिए वी. शांताराम सम्मान फिल्मी दुनिया की हस्तियों को प्रदान करती है।

Saturday, July 10, 2010

सभी मंत्रियों को महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में सरकार के रुख पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल महाराष्ट्र के मंत्रियों पर निशाना साधते हुए शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने कहा है कि सभी मंत्रियों को महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में सरकार के रुख पर इस्तीफा दे देना चाहिए। ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र सामना में एक संपादकीय में कहा है सरकार में महाराष्ट्र के जितने मंत्री हैं, उनमें से किसी में भी इतनी हिम्मत नहीं है कि वह महाराष्ट्र के गौरव के मुद्दे पर इस्तीफा दे दें। ठाकरे ने कहा है से कम इस्तीफा देने की धमकी तो दो। अपनी जेबों में त्यागपत्र तो रखो। दोनों प्रदेशों के बीच पिछले 50-55 साल से सीमा विवाद है। उन्होंने लिखा है पवार को क्रिकेट महाराष्ट्र से ज्यादा प्यारा है। मुरली देवड़ा अंबानी और तेल कंपनियों से जुड़े हैं। प्रफुल्ल पटेल को भी पूंजीवादियों से लेना-देना है। महाराष्ट्र पिछले छह साल से कर्नाटक के मराठीभाषी जिलों जैसे गुलबर्गा और बेलगाम पर अपना दावा कर रहा है। इस मुद्दे पर हाल ही में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि सिर्फ इसलिए कि इन प्रदेशों के लोग मराठी बोलते हैं, इन्हें महाराष्ट्र में मिलाने का तर्क इसका कोई आधार नहीं हो सकता।

Monday, July 5, 2010

धोनी की सगाई की खबर से रांची शहर जश्न में डूब गया

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सगाई की खबर से रांची शहर जश्न में डूब गया है । उनके प्रशंसक ने पटाखे छोड़ रहे हैं, मिठाइयां बांट रहे हैं और सड़कों पर बॉलिवुड गानों की धुनों पर नाचकर जश्न मना रहे हैं। हालांकि धोनी की यकायक शादी की खबर से प्रशंसक आश्चर्य में भी हैं। धोनी के एक प्रशंसक अजय राय ने कहा, 'हम आश्चर्यचकित लेकिन खुश हैं। किसी को यह आभास नहीं था कि धौनी इतनी जल्दी सगाई करेंगे।' रविवार सुबह धोनी के दर्जनों प्रशंसक अल्बर्ट एक्का चौराहे पर इकट्ठा हो गए और उनकी सगाई की खुशी मनाई। उसके बाद वह बॉलिवुड के गानों पर नाचने लगे। धोनी ने शनिवार को देहरादून में एक निजी समारोह में साक्षी सिंह रावत से सगाई की। दोनों के पिता रांची की मेकॉन कंपनी में सहकर्मी थे। धोनी और साक्षी एक ही कॉलोनी में रहते थे। साक्षी के पिता वीआरएस लेकर देहरादून में बस गए और बाद में कोलकाता की एक चाय कंपनी में नौकरी कर ली।

देश बंद का महाराष्ट्र में खासा असर दिख रहा है।

फ्यूल की बढ़ती कीमतों के विरोध में आयोजित आज देश बंद का महाराष्ट्र में खासा असर दिख रहा है। सोमवार सुबह बीजेपी के सीनियर नेता किरीट सोमैया समेत पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को सोमवार को उस समय हिरासत में ले लिया गया जब वे, पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि के विरोध में विपक्ष द्वारा आयोजित देशव्यापी बंद के दौरान ट्रेनों को रोकने की कोशिश कर रहे थे। पुणे में बंद समर्थकों ने कई जगहों पर पथराव किया और 12 बसों को नुकसान पहुंचाया। विपक्षी एनडीए और लेफ्ट ने फ्यूल के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में देशव्यापी बंद का आयोजन किया है। बीजेपी कार्यकर्ता मुलुंड स्टेशन में रोको अभियान चला रहे थे जिसकी वजह से उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बंद के दौरान बोरीवली और कांदीवली में स्थानीय ट्रेनों पर पथराव की मामूली घटनाओं की खबरें हैं। पुणे में, जबरदस्ती बंद कराने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं ने 12 बसों को नुकसान पहुंचाया। पुणे नगर निगम के प्रवक्ता ने बताया कि कोठरूद और पिंपरी इलाके में चलने वाली बसों को रोक कर पथराव किया गया जिससे खिड़कियों के कांच टूट गए। बंद को देखते हुए कुछ लोग सुबह जल्दी ही अपने काम के लिए निकल पड़े। मुंबई में कई शिक्षण संस्थाएं बंद हैं।

Saturday, July 3, 2010

लोकल सेवा में सुधार के लिए विश्व बैंक ने 43 करोड़ डॉलर का कर्ज मंजूर

करीब डेढ़ करोड़ की आबादी वाले महानगर मुंबई की जीवन रेखा माने जानी वाली लोकल सेवा में सुधार के लिए विश्व बैंक ने 43 करोड़ डॉलर का कर्ज मंजूर किया है। बैंक के बोर्ड ने मंगलवार को केरल, मध्य प्रदेश, उड़ीसा और तमिलनाडु के 220 चुनिंदा बांधों की सुरक्षा और स्थाई प्रदर्शन में सुधार के लिए बांध पुनर्वास और सुधार परियोजना के लिए भी 35 करोड़ डॉलर के कर्ज को मंजूरी दी। बैंक ने कहा कि 'मुंबई शहरी परिवहन परियोजना 2ए' का उद्देश्य व्यस्त समय में और अधिक वाहनों को चलाना, व्यस्त समय में भीड़भाड़ कम करना, यात्रा समय कम करना और संचालन में सुधार करना है।व्यवस्था में 720 नए रेल डिब्बे शामिल किए जाएंगे। इस परियोजना में मरम्मत सुविधाओं के विस्तार के साथ ही मुंबई महानगर के बचे क्षेत्र में 1500 वोल्ट डीसी से 25 केवी एसी लाइन में पूर्ण परिवर्तन किया जाएगा। विश्व बैंक के शहरी परिवहन विशेषज्ञ और परियोजना के टीम लीडर हरबर्ट नोवे-जोसेरैंड ने कहा कि पहली मुंबई परिवहन परियोजना के माध्यम से व्यस्त समय के दौरान नौ कोचों वाली रेलगाडि़यों के माध्यम से भीड़ के स्तर को 4,500 से 4,100 यात्री तक करने में सफलता मिली है। बाद की परियोजना से क्षमता, संचालन क्षमता और आराम के स्तर में अधिक सुधार होगा। बांध पुनर्वास और सुधार परियोजना (डीआरआईपी) का उद्देश्य भारत सरकार और संबंधित राज्यों के साथ सहयोग से बांधों की सुरक्षा के लिए संस्थागत, कानूनी और तकनीकी ढांचे को और मजबूत करना है।