Tuesday, April 29, 2014

मनपा क्षेत्र में 50 विभिन्न नए चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल्स

नवी मुंबई मनपा क्षेत्र में 50 विभिन्न नए चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल्स लगाए जाएंगे। फिलहाल इस योजना के प्रथम चरण में 13 सिग्नल लगाए जाएंगे। नवी मुंबई मनपा क्षेत्र के नए निवासी इलाकों में तेजी से बढ़ रहे वाहनों के चलते ट्रैफिक जैम की समस्या बढ़ती जा रही है।
शहर में ऐसे कई चौराहे हैं, जहां अभी करीब एक साल पहले तक न वाहनों की भीड़ दिखती थी और न ट्रैफिक जैम होता था। अब इन सभी चौराहों पर वाहनों की भीड़ बहुत बढ़ चुकी है। इस संदर्भ में सर्वेक्षण के बाद ट्रैफिक पुलिस विभाग ने नवी मुंबई मनपा को उन सभी चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की सलाह दी थी, जहां वाहनों का जैम लगने लगा है। ट्रैफिक विभाग द्वारा सुझाए गए चौराहों में से पहले चरण में 13 चौराहों पर ये सिग्नल लगाए जाने वाले हैं। इन्हें आगामी दो महीने में लगाकर शुरू कर दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुझाए गए चौराहों में सायन-पनवेल हाइवे, ठाणे-बेलापुर रोड व पामबीच रोड के चौराहों समेत शहर के कुछ अन्य व्यस्त चौराहे शामिल हैं।
अकेले पामबीच रोड के पांच चौराहों पर ही पांच सिग्नल लगाए जाएंगे। नए इन सिग्नल को स्थापित करने पर प्रति सिग्नल करीब 5 लाख रुपये का खर्च आने वाला है। अन्य जिन चौराहों पर सिग्नल लगाए जाने वाले हैं, उनमें कलश उद्यान, एपीएमसी मार्केट, कोपरखैरणे के डी-मार्ट जंक्शन समेत कई अन्य चौराहे शामिल हैं। इनके लग जाने से इन चौराहों पर आम वाहनचालकों को ट्रैफिक जैम से छुटकारा भी मिल जाएगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आ जाएगी।

Friday, April 25, 2014

कॉर्पोरेट जगत के किंग्स गुरुवार को अपने सारे अपॉइंटमेंट रद करके वोट डालने निकले

देश की आर्थिक राजधानी मुबंई में भले ही वोटिंग का पर्सेंटज अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, पर हमेशा मसरूफ रहने वाले कॉर्पोरेट जगत के किंग्स गुरुवार को अपने सारे अपॉइंटमेंट रद करके वोट डालने निकले। देश की आर्थिक राजधानी के इन नामी-गिरामी हस्तियों ने सुबह के फर्स्ट हाफ में वोट डाले, ताकि वे उसके बाद अपने समय का सदुपयोग कर सकें।
रिलायंस एडीएजी ग्रुप के प्रमुख अनिल अंबानी सुबह 7.15 बजे कफे परेड इलाके में स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए पहुंचे। गोदरेज के अध्यक्ष आदी गोदरेज ने भी सुबह सुबह ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। भारत की सबसे बडी सॉफ्टवेयर निर्यातक टाटा कंटल्टेंसी सर्विस के प्रमुख एन चंद्रशेखरन ने भी वर्ली इलाके में सुबह के वक्त वोट डाला।
दक्षिण मुंबई स्थित नरीमन प्वॉइंट के निवासी और एचसीसी के अध्यक्ष अजित गुलाबचंद ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एचडीएफसी के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी केकी मिस्त्री ने अपने परिवार के साथ दक्षिण मुंबई में वोट डाला। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अध्यक्ष अरुंधती भट्टाचार्य ने मालबार हिल इलाके में अपना वोट डाला। रिलायंस इंडस्ट्री के मुकेश अंबानी ने पेडर रोड के पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।

Wednesday, April 23, 2014

मुंबई में 4 लाख 25 हजार की फेक करंसी जब्त

चुनाव के इस मौसम में फेक करंसी के मुंबई में आने का सिलसिला बंद ही नहीं हो रहा है। ताजा मामले में क्राइम ब्रांच की यूनिट-चार ने मुंबई में 4 लाख 25 हजार की फेक करंसी जब्त की है। इस मामले में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
सीनियर इंस्पेक्टर संजीव भोले ने एनबीटी को बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ पहले अंटॉप हिल इलाके में रेड डाली और वहां से कुल चार आरोपियों को पकड़ा, जिनके नाम हैं- संजय सूद, मोहम्मद मुनाजिर खान, राजेश यादव व रोहित वर्मा। इनके पास से कुल 4 लाख 2 हजार के जाली नोट जब्त किए।
इनसे जब पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि उनके ग्रुप में तीन और भी लड़के हैं- फरान खान, जयदीप यादव व बाबू काले। ये तीनों धारावी में जाली नोट निकालने निकाले हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम धारावी गई और वहां से इन तीनों को गिरफ्तार किया। इन तीनों के पास से 23 हजार रुपये जब्त किए गए।
अभी तक मुंबई में हमेशा हजार के साथ पांच सौ - पांच सौ रुपये के भी जाली नोट पकड़े जाते रहे हैं। 4 लाख रुपये से ज्यादा जब्ती का शायद यह पहला केस होगा, जिसमें आरोपियों के पास सिर्फ हजार -हजार के जाली नोट मिले, 500- 500 के नहीं।
संजीव भोले के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में संजय सूद को सन 2012 में नवघर पुलिस ने फेक करंसी केस में ही गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जब जमानत मिली, तो वह कोर्ट में हाजिरी के लिए कभी आया ही नहीं, इसलिए उसके खिलाफ दो साल पहले के केस में गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद मुनाजिर व रोहित वर्मा मूल रूप से बिहार के भागलपुर के रहनेवाले हैं। उन्हें कुछ समय पहले एक वह शख्स मिला, जो नेपाल से फेक करंसी लाता है। उसने इन दोनों को मोटे कमिशन का लालच दिया और यह दोनों इसके लालच में आ गए। बाद में इन दोनों ने अपने ग्रुप में कुछ और लोगों को जोड़ा और इस तरह फर्जी नोट का यह रैकेट मुंबई तक पहुंच गया।

Monday, April 21, 2014

सांताक्रुझ-चेंबूर लिंक रोड(एससीएलआर) लोगों के लिए खुल गया।

11 साल, 12 डेडलाइन और ना जाने कितनी दिक्कतों के बाद आखिरकार सांताक्रुझ-चेंबूर लिंक रोड(एससीएलआर) लोगों के लिए खुल गया। 3.5 किमी के इस फ्लाइओवर ने वेस्टर्न सबर्ब में रहने वाले लोगों की ईस्टर्न इलाकों से पहुंच को आसान बना दिया है।
देश के इस पहले डबल डेकर फ्लाइओवर का एक सिरा कुर्ला टर्मिनस पर तो दूसरा चेंबूर की ओर उतरता है। इसके साथ ही 1.09 किमी लंबा अमर महल फ्लाइओवर भी लोगों के लिए खोल दिया गया है। इससे ईस्टर्न से वेस्टर्न इलाकों में जाने वाले लोगों के साथ ही नाशिक, पुणे की दिशा में जाने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा।
हालांकि ईस्टर्न एक्सप्रेस वे का अक्सर उपयोग करने वाली चेंबूर की एक यात्री ने बताया कि यह फ्लाइओवर ईस्टर्न एक्सप्रेस वे जितना बेहतर नहीं है। इसके अलावा इस पर अभी हरियाली भी पूरी तरह से गायब है। वेस्टर्न इलाकों से चेंबूर की दिशा में जाने वालों को भी इसका फायदा मिलेगा। इस फ्लाइओवर से उतरने के बाद लोग अमर महल जंक्शन फ्लाइओवर का उपयोग करके सीधे हाइवे पर पहुंच सकेंगे।

Thursday, April 17, 2014

केईएम अस्पताल में अब विशेष आउटडोर पेशंट डिपार्टमेंट (ओपीडी)

महिलाओं में होने वाले शारीरिक बदलाव, समस्याओं आदि को ध्यान में रखते हुए, केईएम अस्पताल में अब जल्द ही हफ्ते के 6 दिन विशेष आउटडोर पेशंट डिपार्टमेंट (ओपीडी) चलाई जाएगी। गाइनकॉलजी विभाग द्वारा संचालित इन विशेष ओपीडी में अलग-अलग दिन महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे जैसे मोनोपॉज, गाइनेक से जुड़े कैंसर, किशोरियों के स्वास्थ्य आदि पर काम किया जाएगा। केईएम अस्पताल की कार्यकारी डीन, डॉ़ शुभांगी पारकर का कहना है कि मई के पहले सप्ताह से हम इस तरह की विशेष ओपीडी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे महिलाओं को काफी फायदा मिलेगा। 
गौरतलब है कि अभी हफ्ते के 6 दिन गाइनकलजी की ओपीडी चलती है, जिसमें मुख्य तौर पर गर्भवति महिलाएं आती हैं। डॉ़ पारकर ने बताया कि हमने प्रत्येक दिन के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए हैं। सोमवार को रिप्रॉडक्शन ट्रैक इंफेक्शन, मंगलवार को गाइनकॉलजिकल एन्डोक्रनलजी, बुधवार को गाइनेक से जुड़े कैंसर (जैसे ओवरी कैंसर, यूट्रस कैंसर), गुरुवार को किशोरावस्था से जुड़ी समस्या, शुक्रवार को असिस्टेंट रिप्रॉडक्क्शन और शनिवार को मोनोपॉज पर आधारित ओपीडी चलाए जाएंगे। इस तरह के स्पशलाइज्ड ओपीडी शुरू करने वाला केईएम बीएमसी का पहला अस्पताल होगा।
 

Wednesday, April 9, 2014

कृषि आमदनी बीमा योजना'

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि केंद्र में सत्ता पर आने पर वे किसानों को लागत का 50 प्रतिशत मुनाफा सुनिश्चित कराएंगे। वे मंगलवार को लातूर निलंगा इलाके एक चुनावी रैली के संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा की जब वे कृषि मंत्री थे, तब उन्होंने 'कृषि आमदनी बीमा योजना' शुरू की थी। योजना के तहत किसानों की पेराई से पहले सरकार यह अंदाज तय करेगी कि इस बार फसल से कितनी कमाई होने का अंदाज है। बाद में अगर किन्हीं कारणों से फसल न हुई तो बीमा कंपनी पहले से तय न्यूनतम कीमत किसान को अदा करेगी। यह योजना प्रयोग के तौर पर 30 जिलों में लागू की गई थी। बाद की कांग्रेस सरकार ने यह योजना ही रद्द कर दी।
राजनाथ सिंह ने बताया की इस बार बीजेपी अगर सत्ता पर आती है, तो यह योजना नए रूप में लागू कि जाएगी। सरकार यह गारंटी देगी कि लागत पर पचास प्रतिशत मुनाफा देने वाला न्यूनतम खरीद मूल्य तय किया जाए। इसके अलावा बीजेपी 'कृषि आमदनी बीमा योजना' शुरू करने का भी वादा करती है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पहले लोकसभा के उपनेता गोपीनाथ मुंडे के किए परली में सभा को संबोधित किया। इसके बाद वे लातूर के बीजेपी उम्मीदवार डा सुनील गायकवाड के लिए निलंगा में सभा संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने दोनों जगह कहा की वे बीजेपी की सरकार के लिए नहीं, राष्ट्र निर्माण के लिए वोट मांगने आए हैं।
विधानपरिषद में विपक्ष के नेता विनोद तावडे, माधव भंडारी, पूर्व सांसद रूपाताई निलंगेकर, पूर्व सांसद गोपालराव पाटील, प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश हाके, विधायक सुनील भालेराव और संभाजी निलंगेकर मौजूद थे। रात को राजनाथ सिंह ने पुणें में भी एक चुनावी प्रचार सभा को संबोधित किया।
 

Monday, April 7, 2014

मुंबई की उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं

लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, इसका असर जनता और नेता दोनों पर दिख रहा है। जनता की हर नजर नेताओं की गतिविधियों पर है, तो नेताजी भी अपने तईं नई-नई जुगत लगा रहे हैं।
इसी क्रम में मुंबई की उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा होगा। रविवार को पर्चा भरने के आखिरी दिन एसपी द्वारा कैंडिडेट बनाई गई बिग बॉस की उर्वशी ढोलकिया पर्चा नहीं भर पाईं। इसके पहले कमाल खान को एसपी ने उम्मीदवार बनाया था, लेकिन अंतिम समय में कमाल को हटा दिया गया था। रईस शेख के बाद एसपी के दूसरा उम्मीदवार मैदान से हट गया है।
पार्टी के उत्तर मुंबई के एसपी प्रत्याशी कमलेश यादव ने बताया कि आखिर दिन उर्वशी अपना नामांकन नहीं भर पाई।

Friday, April 4, 2014

राखी सावंत ने आप नेता मयंक गांधी पर ओशिवरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत ने आप नेता मयंक गांधी पर ओशिवरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फिलहाल इसे एनसी के रूप में लिया है, एफआईअर दर्ज नहीं की है। राखी का आरोप है कि मयंक ने उनके बारे में कहा कि राखी को वही लोग वोट देंगे, जिन्हें मजा मारना होगा। मयंक गांधी ने आरोप का खंडन किया है और मीडिया से कहा कि राखी ने उनके स्टेटमेंट को तोड़ मरोड़कर पेश किया।
मयंक ने कहा थ कि उनके प्रतिद्वंद्वी दलों के उम्मीदवारों के चुनावी खर्चे निर्वाचन आयोग की निर्धारित 70 लाख रपए की सीमा से बहुत अधिक हैं। गांधी ने कहा, ' अन्य दलों से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार धनबल का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। वे 70 लाख की निर्धारित सीमा से अधिक खर्च कर रहे हैं जिसका असर हमारे जैसे कई दलों पर पड रहा है। हालांकि उन्होंने कहा,' हमारे पास कोई सबूत नहीं है. पार्टी कार्यकर्ताओं को बडी नकद राशि दी जा रही है और यह आम बात है। हमें कोई सबूत देने की जरुरत नहीं है।'

Wednesday, April 2, 2014

ओ. पी. गुप्ता, जीएम, बेस्ट

हाई कोर्ट ने कर्मचारियों को काम पर लौटने का आदेश दिया है। अब भी यह आंदोलन जारी रहा, तो कानून के तहत कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस आंदोलन की वजह से लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए मेरी अपील है कि कर्मचारी काम पर वापस आ जाएं।'
ओ. पी. गुप्ता, जीएम, बेस्ट