Tuesday, August 18, 2009

सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं ने राष्ट्रपति से देव आनंद को 'भारत रत्न' देने की मांग की

सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं ने राष्ट्रपति से देव आनंद को 'भारत रत्न' देने की मांग की है। फिल्म इंडस्ट्री के अलावा उद्योग जगत के भी कई लोगों ने प्रधानमंत्री को इस संबंध में पत्र लिखा है। ऑल इंडिया असोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज ने पीएम मनमोहन सिंह को लिखे पत्र में कहा है कि कला एवं समाज सेवा के क्षेत्र में देव आनंद के योगदान को देखते हुए उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' के खिताब से नवाजा जाना चाहिए। गौरतलब है कि देव आनंद पद्मविभूषण तथा 'दादा साहेब फाल्के पुरस्कार' पा चुके हैं। इस बीच, भारत सरकार ने देव आनंद की फिल्मों का एक उत्सव दिल्ली में आयोजित किया है। यह 4 सितम्बर से सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में चार दिनों तक चलेगा। उत्सव का उद्घाटन समारोह में सूचना-प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी देव आनंद को सम्मानित कर करेंगी। इस अवसर पर उनकी फिल्म 'गाइड' का विशेष प्रदर्शन होगा, जिसके लिए पिछले साल कान फिल्म फेस्टिवल में देव आनंद ने खूब तालियां बटोरी थीं। उत्सव में 'गाइड' के अलावा उनकी चार अन्य फिल्में जूअल थीफ', 'हम दोनों', 'बाज़ी' तथा 'टैक्सी ड्राइवर' भी दिखाई जाएंगी।

Monday, August 17, 2009

ऐक्ट्रिस ऐश्वर्या राय बच्चन में फ्लू जैसे लक्षण पाए गए

ऐक्ट्रिस ऐश्वर्या राय बच्चन में फ्लू जैसे लक्षण पाए गए हैं। उन्हें चेस्ट इन्फेक्शन है। इस बात से उनके ससुर अमिताभ बच्चन काफी चिंतित हैं। ऐश्वर्या अपने पति अभिषेक बच्चन के साथ ऊटी में अपनी आने वाली फिल्म रावण की शूटिंग कर रही हैं। लेकिन वहीं उनकी तबीयत बिगड़ गई। यह जानकारी अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर दी है। अमिताभ फिलहाल सिंगापुर में हैं,जहां वह समाजवादी पार्टी नेता अमर सिंह से मिलने गए हैं। अमिर सिंह सिंगापुर में इलाज करा रहे हैं। बिग बी ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि ऐश्वर्या को चेस्ट इन्फेक्शन है। उन्हें शनिवार को तेज बुखार था, लेकिन आज उन्हें कुछ हैं। बिग बी लिखते हैं कि बच्चों से दूर रहना और उनकी देखभाल न कर पाना काफी परेशान कर देता है। ठीक है कि वे शादीशुदा और जिम्मेदार हैं, लेकिन बच्चे हमेशा बच्चे रहते हैं। अमिताभ ने लिखा है कि वह खुद भी कमर दर्द से परेशान हैं। उनके मुताबिक जया बच्चन मुंबई के लिए निकल गई हैं। उन्होंने एक महीने से ज्यादा अमर सिंह के साथ बिताया। मैं यहां तब तक रहूंगा, जब तक कि अमर सिंह पूरी तरह ठीक होकर वापस आने लायक नहीं हो जाते।

Friday, August 14, 2009

सब फर्जी काम का केन्द्र है काशीमीरा

फर्जी नोट केस में अरेस्ट एक आरोपी ठाणे सिविल अस्पताल से रफूचक्कर हो गया। इस मामले में काशीमीरा पुलिस स्टेशन के दो कांस्टेबलों को सस्पेंड कर दिया गया है। सस्पेंड हेड कॉन्स्टेबल दिनकर पाटील और नाईक महापदी की उपस्थिति में ही मेडिकल चेकअप के लिए सिविल अस्पताल में आया अनिरुल मोमिन (32) मंगलवार को भाग खड़ा हुआ था। भागे हुए अनिरुल मोमिन का अभी तक कहीं पता नहीं चल पाया है। ठाणे शहर पुलिस एवं ग्रामीण पुलिस दोनों ही अनिरुल की तलाश में जुटी हैं। ठाणे ग्रामीण पुलिस के अधीक्षक मधुकर पांडे ने यह कार्रवाई की। अनिरुल मोमिन को उसके भाई अबू मोमिन के साथ पिछले महीने काशीमीरा पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया था, जब दोनों एक स्थानीय बीयर बार में पांच सौ के फर्जी नोटों को भुनाने की ताक में थे। बांग्लादेशी निवासी अनिरुल व अबू के पास से पुलिस ने पांच सौ के कई नोट बरामद किए थे।

Wednesday, August 12, 2009

फाटक ने कहा, स्कूल बंद करने से शहर में दहशत बढ़ेगी।

मंगलवार को बीएमसी के नगरसेवकों ने एक सुर में एक सप्ताह के लिए सभी स्कूल बंद करने की मांग की जिसे कमिश्नर डॉ. जयराज फाटक ने मानने से साफ इंकार कर दिया। इसके चलते सभी दलों के नगरसेवकों ने साधारण सभा की बैठक से वाकआउट किया। उधर, इस विषय को लेकर कमिश्नर ने जनता की दरबार में जाने का निर्णय लिया और एसएमएस के जरिये मुम्बईकरों से उनकी राय मांगी। बुधवार को कमिश्नर जनता की राय साधारण सभा की बैठक में रखेंगे। नगरसेवकों की शंकाओं और सवालों का जवाब देते हुए कमिश्नर डॉ. फाटक ने कहा, स्कूल बंद करने से शहर में दहशत बढ़ेगी। दूसरी बात, किसी एक स्कूल में किसी एक बच्चे को स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई दे तो इसका मतलब यह नहीं कि पूरे स्कूल को ही बंद कर दिया जाए। अगर किसी कक्षा में एक बच्चे को स्वाइन फ्लू हो जता है तो उस कक्षा को कुछ दिन के लिए बंद किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दहिसर के किसी स्कूल में किसी एक छात्र को फ्लू हो जाता है तो इसका मतलब यह नहीं कि मानखुर्द के स्कूल को भी बंद कर दिया जाए। कमिश्नर ने कहा कि केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी यही सुझाव दिया है। ऐसे में बीएमसी के सभी स्कूलों को बंद करने का क्या तात्पर्य। पुणे में स्कूल बंद किया गया है, लेकिन उसके बाद क्या इस पर उनकी नजर है। स्कूल बंद करने के बाबत नगरसेवकों ने कई तर्क और स्वाइन फ्लू से निबटने के लिए 'मुफ्त' में उपाय भी सुझाए परंतु ज्यादातर नगरसेवकों का एक ही मत था कि कम से कम एक सप्ताह के लिए स्कूल बंद किए जाए। सभागृह नेता सुनील प्रभु ने यह मांग साधारण सभा की बैठक में रखी। इस पर विरोधी पक्ष राजहंस सिंह, बीजेपी के आशीष शेलार, एनसीपी के नियाज वनू, सपा की शाजिया असलम आजमी सहित ज्यादातर नगरसेवकों ने स्कूल बंद करने की मांग की, लेकिन कुछ ऐसे भी नगरसेवक थे जो स्कूल बंद करने के खिलाफ थे। इसमें से एक कांग्रेस की नगरसेविका डॉ. अवतार कौर सोखी है। सोखी ने कहा कि स्कूल, कॉलेज बंद करने से स्वाइन फ्लू खत्म नहीं हो जाएगा, बल्कि इससे तो शहर में डर का माहौल बनेगा और इससे दहशत फैलेगी। बेहतर यही होगा कि इस रोग के प्रति बीएमसी लोगों में जागरूकता पैदा करे जिससे इस रोग का सामना किया जा सके। दूसरे अन्य नगरसेवकों ने कई सारे सुझाव दिए। मुम्बई की तुलना पुणे से करते हुए उन्होंने तर्क दिया कि स्कूल बंद करने से स्वाइन फ्लू नहीं फैलेगा और इससे इस रोग पर आसानी से नियंत्रण पाया जा सकेगा।

Saturday, August 8, 2009

महाराष्ट्र में गुरुवार सुबह तक स्वाइन फ्लू के 30 नए मामले

महाराष्ट्र में गुरुवार सुबह तक स्वाइन फ्लू के 30 नए मामलों के सामने आने के साथ ही राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 172 हो गई है। यह जानकारी एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने दी। स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के प्रमुख प्रदीप आवटे ने बताया, '9 नए मामले पुणे से और 4 मुंबई से सामने आए हैं। इनमें एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी है।' उन्होंने बताया कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारी आई.एस. चहल में हाल ही में ब्रिटेन से लौटे थे। उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने के बाद बुधवार रात कस्तूरबा अस्पताल में उनकी जांच की गई और वे संक्रमित पाए गए। पुणे में सेंट ऐंस हाई स्कूल की 2 छात्राओं में इस बीमारी का संक्रमण पाया गया है जबकि एक अन्य को नायडू अस्पताल में अलग-थलग रखा गया है। रीदा शेख भी इसी स्कूल की विद्यार्थी थी और स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए जाने के बाद उसकी मौत हो गई थी। रीदा की मौत के बाद पुणे में दहशत फैल गई और सैंकड़ों लोग एहतियातन जांच कराने के लिए सरकारी अस्पतालों में जमा हो गए।
राज्य का स्वास्थ्य विभाग इस समय स्वाइन फ्लू के 172 मामलों की निगरानी कर रहा है। इनमें से 118 मामले पुणे, 26 मामले मुंबई, 25 मामले पंचगनी, 2 मामले ठाणे और एक मामला नासिक से सामने आया है। सतारा के जिलाधिकारी विकास देशमुख ने बुधवार को पंचगनी के कुछ प्रभावित स्कूलों का दौरा कर वहां के हालात को सामान्य बताया था। उन्होंने बताया, 'हम 16 छात्रावास वाले स्कूलों समेत 46 संदिग्ध मामलों वाले स्कूलों की जांच कर चुके हैं।'

Wednesday, August 5, 2009

इस वर्ष हज कमेटी से एक लाख 15 हजार हज यात्री हज के लिए

सेंट्रल हज कमेटी ने भारत सरकार के माध्यम से सऊदी अरब सरकार से हज के लिए 15 हजार अतिरिक्त यात्रियों का कोटा जारी करने की मांग की है। सेंट्रल हज कमेटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद ओवैस ने बताया कि इस वर्ष हज कमेटी से एक लाख 15 हजार हज यात्री हज के लिए जा रहे हैं जिसमें 11 हजार भारत सरकार के कोटे के तहत हैं। सरकार ने सऊदी सरकार से 15 हजार का अतिरिक्त कोटा जारी करने की मांग रखी है। इसके अलावा 45 हजार लोग निजी टूर आपरेटरों के माध्यम से हज यात्रा पर जा रहे हैं। हज कमेटी ने सभी हज यात्रियों से अपील की है कि अपने पासपोर्ट 31 अगस्त तक राज्य हज कमेटी के कार्यालय में कवर नंबर के साथ जमा करा दें। कमेटी के पास अब तक पासपोर्ट कार्यालय या हाजियों से 18 हजार पासपोर्ट आए हैं और लगभग 15 हजार राज्य हज कमेटी के पास जमा हुए हैं। हज की उड़ानें 20 अक्टूबर से शुरू होंगी। ओवैस ने यह भी स्पष्ट किया है कि हज कमेटी या सरकार ने हज यात्रियों पर आयु को लेकर कोई बंधन नहीं लगाया है। 12 साल से कम और 65 वर्ष से अधिक की आयु के नागरिक भी हज यात्रा पर जा सकते हैं।

Sunday, August 2, 2009

सरबजीत सिंह के परिजनों ने शनिवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की।

पाकिस्तान में जेल की सजा काट रहे सरबजीत सिंह के परिजनों ने शनिवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात की। मध्य मुम्बई में राज के आवास पर उनसे मुलाकात करने वालों में सरबजीत की बहन दलबीर कौर, उनके पति बलदेव सिंह और सरबजीत की बेटी स्वपनदीप कौर शामिल थीं। राज के सामने अपना दुख बयान करते हुए दलबीर ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरबजीत की रिहाई के लिए वह जरूरी कदम नहीं उठा रही है। दलबीर ने राज ठाकरे के हाथ पर एक राखी भी बांधी। इसके बदले में राज ने सरबजीत के परिजनों को वित्तीय मदद का भरोसा दिलाया। सरबजीत के परिजनों ने कहा कि उन्होंने शिवसेना नेताओं से भी मुलाकात करने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।