Monday, January 18, 2010

जीवन में मराठी का इस्तेमाल करने का अनुरोध करेंगे। राज ठाकरे

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे राज्य के हर घर में पत्र भेज कर लोगों से दैनिक जीवन में मराठी का इस्तेमाल करने का अनुरोध करेंगे। उत्तर भारतीयों के खिलाफ अभियान चलाने की वजह से राज की खूब आलोचना हुई थी। चार साल पहले गठित एमएनएस के एक नेता ने बताया मराठी में एक पत्र लिखेंगे और एमएनएस कार्यकर्ता 27 फरवरी को घर-घर जा कर यह पत्र लोगों को सौंपेंगे। उन्होंने बताया कि एमएनएस प्रमुख लोगों से कार्यालयों, ट्रेनों, बाजारों से लेकर हर जगह मराठी का इस्तेमाल करने का अनुरोध करेंगे। हर साल 27 फरवरी को मशहूर कवि वी. वी. शिरवडकर उर्फ कुसुमग्रज की जयंती के अवसर पर भाषा दिवस मनाया जाता है।
पत्र देते समय एमएनएस कार्यकर्ता महाराष्ट्रवासियों और अन्य लोगों में कोई अंतर नहीं करेंगे। मराठी के प्रचार प्रसार को बढ़ावा देने के लिए दो साल पहले पार्टी के अभियान के तहत एमएनएस कार्यकर्ताओं ने शहर में अंग्रेजी में लिखे साइनबोर्डों पर कालिख पोत दी थी और सभी साइनबोर्ड मराठी में लिखे जाने की मांग की थी।

Wednesday, January 13, 2010

पवार अपने भतीजे अजीत को महाराष्ट्र तक सीमित रखना चाहते हैं।

चौथी बार एनसीपी अध्यक्ष बने शरद पवार ने बता दिया कि उनका राजनीतिक वारिस उनका भतीजा अजीत पवार नहीं, बल्कि बेटी सुप्रिया सूले होंगी। पवार ने यहां राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सुप्रिया को वर्किंग कमिटी का सदस्य बनाया है। कांग्रेस की तर्ज पर एनसीपी में भी वर्किंग कमिटी सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई होती है। संकेत हैं कि पवार अपने भतीजे अजीत को महाराष्ट्र तक सीमित रखना चाहते हैं। दूसरी खास बात यह कि युवा अगाथा संगमा को भी वर्किंग कमिटी में शामिल किया गया है। इसके साथ ही एनसीपी ऐसी पार्टी बन गई है, जिसमें पार्टी की सर्वोच्च इकाई में बाप बेटियों की दो जोड़ियां हैं। अगाथा के पिता पी. ए. संगमा वर्किंग कमिटी के पहले से सदस्य हैं। कांग्रेस से टूटकर एक दशक पहले अलग पार्टी बनाने वाले पवार तभी से पार्टी के अध्यक्ष बने चले आ रहे हैं। बाकी पदाधिकारियों में कोई खास फेरबदल नहीं किया गया है। पवार के साथ ही कांग्रेस से निकले पी. ए. संगमा और तारिक अनवर वापस महासचिवों की लिस्ट में हैं। डी. पी. त्रिपाठी भी महासचिव के साथ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हैं। विदेश जाने से पहले अमर सिंह ने उनसे डेढ़ घंटे बात की थी। लेकिन, अमर सिंह के एनसीपी में आने के बारे में त्रिपाठी ने कुछ भी कहने से यह कहकर इनकार कर दिया कि वह अब भी हमारे मित्र दल में हैं। त्रिपाठी ने कहा कि अमर सिंह का मामला समाजवादी पार्टी का अंदरूनी मामला है।

Sunday, January 10, 2010

अंग्रेजों के जमाने में बनाए गई रॉय चेम्बर शनिवार की दोपहर गिर पड़ी।

अंग्रेजों के जमाने में बनाए गई रॉय चेम्बर शनिवार की दोपहर गिर पड़ी। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस बिल्डिंग में कुल 80 परिवार रहते थे और 15 दुकानें थीं। डाकयार्ड रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित रॉय चेम्बर की रिपेयरिंग का काम म्हाडा बोर्ड ने शुरू किया था। बिल्डिंग के कुछ हिस्से की रिपेयरिंग भी हो गई थी, परंतु बिल्डिंग का दूसरा छोर खतरनाक होता जा रहा था। पिछले दो-तीन दिन से लगातार बिल्डिंग के कुछ हिस्से गिर रहे थे। म्हाडा ने बिल्डिंग को खतरनाक बताते हुए खाली करने का नोटिस चिपका दिया था। शुक्रवार को बिल्डिंग का कुछ हिस्सा गिर पड़ा। उसके बाद म्हाडा के अधिकारियों ने भायखला पुलिस के सहयोग से पूरी बिल्डिंग खाली करा ली, परंतु देर रात फिर से लोग बिल्डिंग में आ गए। शनिवार की सुबह बिल्डिंग के छोटे-छोटे टुकड़े गिरने लगे, तब इसे फिर खाली कराने का काम शुरू हुआ और 12 बजे तक फिर से बिल्डिंग में रहने वालों को निकाल दिया गया। एक बीमार वृद्ध महिला को म्हाडा के लोगों ने निकाला। खाली कराने के कुछ समय बाद ही बिल्डिंग का खतरनाक हिस्सा अचानक ही गिर पड़ा। बिल्डिंग गिरने के बाद वहां पर पहुंचे शिवसेना के नगरसेवक यशवंत जाधव ने बताया कि पूरी की पूरी बिल्डिंग ही गिरी है, लेकिन शुक्र है कि अधिकारियों की सतर्कता के चलते कोई हताहत नहीं हुआ। इस बिल्डिंग में 80 परिवार रहते थे और कुछ भी हो सकता था। साथ ही, यशवंत ने आरोप लगाया कि म्हाडा ने समय से ध्यान दिया होता तो इस हादसे को रोका जा सकता था और लोग इस तरह से परेशान नहीं होते। वॉर्ड ऑफिसर प्रकाश पाटील ने बताया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है और प्रभावित परिवारों को म्हाडा अपने ट्रांजिट कैम्प में भेज रही है।

फिल्म करीब पांच साल पहले मीरा रोड के एक फ्लैट में शूट की गई थी।

मुंबई पुलिस ने वर्सोवा में रहने वाले दो लोगों को ब्लू फिल्म में ऐक्टिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह फिल्म कुछ साल पहले एक एनआरआई ने बनाई थी। इस ब्लू फिल्म की सीडी कई इलाकों में पकड़ी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, तीन महिलाओं और एक पुरुष ने इस ब्लू फिल्म में काम किया था। इसके लिए उन्हें कुछ हजार रुपए भी दिए गए थे। पुलिस ने ब्लू फिल्म की सीडी फुटपाथ पर रहने वाले एक शख्स से बरामद की। ब्लू फिल्म में काम करने वाली प्रमुख महिला को पहचानने में पुलिस को ज्यादा वक्त नहीं लगा। दरअसल यह महिला एक स्थानीय हिस्ट्रीशीटर की बीवी है और जब भी पुलिस उसके पति को पकड़ती थी तो वह अपने पति से मिलने थाने आती थी। पूछताछ में इस महिला ने बताया कि यह फिल्म करीब पांच साल पहले मीरा रोड के एक फ्लैट में शूट की गई थी। उसने यह भी बताया कि फिल्म में नजर आने वाली एक महिला की पहले ही मौत हो चुकी है। फिल्म में दिखने वाले पुरुष को भी पुलिस ने खोज लिया है लेकिन तीसरी महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। क्या यह ब्लू फिल्म किसी बड़े रैकेट का हिस्सा थी? पूछताछ में पता चला कि कि उस एनआरआई ने अपने भाई के जरिए उन लोगों से सपंर्क किया और उन्हें फोटो खिंचवाने के लिए राजी किया। गिरफ्तार किए गए 'ऐक्टरों' को यह नहीं पता था कि उनकी ब्लू फिल्म बनाई जा रही है। अधिकारी अब इस बात की जांच में जुटे हैं कि कहीं यह ब्लू फिल्म किसी बड़े रैकेट का हिस्सा तो नहीं थी। जोनल डीसीपी निकेत कौशिक ने कहा, 'यह फिल्म कुछ साल पहले बनी थी। हमें इसके बारे में हाल ही में पता लगा है।' वर्सोवा थाने के सीनियर इंस्पेक्टर सुरेश नलवड़े ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ अश्लीलता का मामला दर्ज किया गया है और यह पता लगा है कि फिल्म बनाने वाला एआरआई अमेरिका में रहता है।

Monday, January 4, 2010

रजिस्ट्रेशन और स्टैंप डिपार्टमेंट जल्द ही अपने आफिस का कार्य समय बढ़ाकर रात 10 बजे तक करने वाला है।

जल्द ही अपनी प्रॉपर्टी का रजिस्ट्रेशन कराने वालों को एक बड़ी राहत मिलने वाली है। अब उन्हें रजिस्ट्रेशन ऑफिसों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने होंगे। रजिस्ट्रेशन और स्टैंप डिपार्टमेंट जल्द ही अपने आफिस का कार्य समय बढ़ाकर रात 10 बजे तक करने वाला है। अब मुम्बई, पुणे और ठाणे में कम से कम एक आफिस ऐसा होगा जहां रात 10 बजे तक रजिस्ट्रेशन काम जारी रहेगा। विभाग का तो यहां तक कहना है कि अगर हमें अच्छा प्रतिसाद मिला तो हम इसे पूरी तरह से नाइट शिफ्ट में तब्दील कर सकते हैं। स्टैंप इंस्पेक्टर जनरल रामाराव श्रृंगारे ने कहा है कि हम जन-सुविधा के मद्देनजर इस नए टाइमिंग की शुरुआत जनवरी के पहले या दूसरे हफ्ते से ही कर देना चाहते हैं। अगर हमें इसका अच्छा रिस्पांस मिला तो हम आफिसों को दो शिफ्ट में बांट देंगे, डे शिफ्ट और नाइट शिफ्ट। उन्होंने कहा है कि हमारा इरादा यह है कि हम अपनी इस पहल के माध्यम से वर्किंग क्लास को मदद कर सकें। पहले हमारे पास रात को काम करने के लिए मैन पावर की दुविधा थी मगर अब हमें सभी ओर से स्वीकृति मिल गई है। इसलिए अब हम इस पहल को लागू करने की स्थिति में हैं। विभाग के अन्य सूत्रों के अनुसार, जिस आफिस में रात्रिकालीन कामकाज होगा, वहां दोनों शिफ्ट की टाइमिंग क्या और कैसी हो, इस पर अभी फैसला होना बाकी है। उन्होंने बताया कि ज्यादा संभावना है कि पहले शिफ्ट में सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरा शिफ्ट शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक का हो। अब आनलॉइन भी होगा रजिस्ट्रेशन सिर्फ रजिस्ट्रेशन के कामकाज को 'वर्किं ग क्लास फ्रेंडली' बनाने के अलावा उसे अब हाई-टेक बनाने का भी प्रस्ताव है और वह भी अब जल्द हकीकत बनने वाली है। प्रॉपर्टीज का रजिस्ट्रेशन बहुत जल्द ही ऑनलाइन संभव हो सकेगा। रजिस्ट्रेशन एंड स्टैंप डिपार्टमेंट के डीआईजी के मुताबिक यह सिस्टम इसी महीने के अंत से अमल में लाया जा सकता है। इससे अब प्रॉपटीर् के डील से पहले कस्टमर को आनलाइन फार्म भरना होगा और इससे उसे प्रॉपर्टी डील का एक टोकन इश्यू किया जाएगा। इसके जरिए बाद में रजिस्ट्रेशन आसानी से संभव हो सकेगा।

लालू प्रसाद यादव के आंकड़ों के खेल का पर्दाफाश कर दिया है।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व रेल राज्यमंत्री राम नाईक ने कहा कि जनता से सच छिपाने के लिए प्र धानमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सालों पहले मैं भी वही बात कह रहा था जो आज रेलमंत्री ममता बनर्जी ने श्वेतपत्र निकालकर कही है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव के आंकड़ों के खेल का पर्दाफाश कर दिया है। यही बात विपक्ष का नेता कहे तो प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल उसे सुनने के काबिल भी नहीं समझता, यह जनता और देश के साथ छल है। उन्होंने कहा कि श्वेतपत्र के अनुसार 2006-2007 में भी रेलवे को 20339 करोड़ रुपए का लाभ हुआ था, जिसे लालू जी ने शून्य बताया था। अपने कार्यकाल में लालू यादव ने 189 ट्रेनों को सुपरफास्ट का दर्जा देकर किराया तो बढ़ा दिया मगर उनकी गति नहीं बढ़ाई, जो एक धोखाधड़ी है। इसी प्रकार 2008-09 में तत्काल आरक्षण के मद रेलवे ने 605 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इसके लिए शुरू में 5.06 प्रतिशत सीटें सुरक्षित रखी गई थीं। बाद में इसे बढ़ाकर 14.02 प्रतिशत कर दिया गया। इससे जनरल आरक्षण लेने वाले यात्री परेशान होने लगे और भ्रष्टाचार फैला। उन्होंने मुंबईकरों के हित में लोकल सेवा पर पृथक श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है।

Saturday, January 2, 2010

नव वर्ष की शुभकामनाएं

हमारे प्रिय पाठकों को नव वर्ष की शुभकामनाएं
नव वर्ष 2010 आपकेलिए सुख-समृ​द्ध् आरोग्य, तथा मनोकामनाएं पूर्ण करे,
इन्ही शुभकामनाओं द्वारा आपके समक्ष नई आशाओं के साथ
डॉ राजेन्द्र कुमार गुप्ता