Thursday, August 14, 2014

राणे को पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार समिति का प्रमुख

उद्योग मंत्री पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस को अड़चन में डालने वाले नारायण राणे को पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार समिति का प्रमुख बनाया दिया है। इसके अलावा आदर्श मामले में फंसे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को समन्वय समिति प्रमुख की जिम्मेदारी दी है। पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे को घोषणा पत्र बनाने वाली समिति का प्रमुख नियुक्त किया है।
पार्टी ने तीनों प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी देकर एक तरह से पार्टी के अंदर तालमेल बिठाने की कोशिश की है। चंद दिन पहले ही नारायण राणे ने कांग्रेस छोड़ने की धमकी दी थी। उस वक्त पार्टी ने उनकी दो प्रमुख मांगे मानने का वादा किया था। उनकी पहली मांग थी कि उन्हें आगामी चुनाव में प्रचार प्रमुख बनाया जाए। बुधवार को पार्टी ने उन्हें प्रचार प्रमुख बना दिया। राणे की दूसरी मांग बेटे को विधानसभा चुनाव टिकट देना था। यह मांग अभी भी कायम है।
लोकसभा चुनाव जीतकर महाराष्ट्र की राजनीति में दमदार उपस्थित दर्ज कराने वाले अशोक चव्हाण को भी पार्टी ने सेट कर दिया है। उन्हें चुनाव में समन्वय की जिम्मेदारी दी है। यानी पार्टी ने एक तरह से राणे और सीएम पर नकेल लगाने के लिए चव्हाण की नियुक्त की है। दलित वर्ग पार्टी से नाराज नहीं हो, इसके लिए पार्टी ने सुशील कुमार शिंदे को चुनावी घोषणा पत्र बनाने वाली समिति की जिम्मेदारी दी है।

Wednesday, August 13, 2014

पानी कटौती पुरी तरह से बुधवार को खत्म

बीएमसी पानी कटौती पुरी तरह से बुधवार को खत्म कर देगी। मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले सभी सात जलाशयों में से चार पूरी तरह से लबालब भर गए हैं। इन जलाशयों में मंगलवार की सुबह तक कुल 12 लाख 41 हजार 827 मिलियन लीटर पानी जमा हो गया है। बीएमसी ने इस उम्मीद से पानी कटौती खत्म की है कि जल्द ही तीनों जलाशय भर जाएंगे।
बारिश में देरी के कारण बीएमसी ने 16 जुलाई से 30 प्रतिशत पानी कटौती शुरू कर दी थी। कुछ ही दिनों बाद जलाशयों की स्थित और भी खराब हो गई थी, किंतु धीरे-धीरे बरसात से रफ्तार पकड़ी। जल स्तर में सुधार के कारण बीएमसी ने पहले चरण में 20 प्रतिशत पानी कटौती खत्म की। फिर भी 10 प्रतिशत पानी कटौती जारी थी। उसी दौरान कुर्ला एल वॉर्ड प्रभाग समिति में पानी की समस्या को लेकर गरमागरमी हुई।
एल वॉर्ड प्रभाग समिति अध्यक्ष डॉ सईदा खान और एमएनएस लीडर कप्तान मलिक ने जल विभाग अधिकारियों के साथ बैठक कर बकाया 10 प्रतिशत पानी कटौती कम लेने की मांग की। उस समय भी एन वॉर्ड प्रभाग समिति अध्यक्ष हारून खान, घाटकोपर कामराज नगर से पूर्व नगरसेवक परमेश्वर कदम ने पानी कटौती पूरी तरह से खत्म करने की मांग रखी।
बीएमसी की स्थायी समिति और सभागृह की बैठक में भी नगरसेवकों ने 10 पानी कटौती वापस लेने और दूषित पानी की समस्या का मामला उठाया। अब जाकर प्रशासन ने दखल दी है और पानी कटौती पूरी तरह से खत्म करने की घोषणा की है।
अपर वैतरणा, तुलसी, मोडक सागर और तानसा जलाशय भर गए हैं, लेकिन विहार, भातसा और मिडल वैतरणा अभी तक पूरी तरह नहीं भरे हैं। इन सभी जलाशयों की कुल जल संचय क्षमता 14 लाख 33 हजार मिलियन लीटर हैं और अब तक 12 लाख 41 हजार मिलियन लीटर पानी जमा हो गया है। अब भी एक लाख 89 लाख मिलियन लीटर पानी भरना है।
बीएमसी प्रशासन का मानना है कि 30 सितंबर तक सभी जलाशय लबालब भरे होने चाहिए। ऐसी स्थित में अगले मॉनसून तक पानी सप्लाई में किसी तरह की समस्या नहीं आएगी।
 

Tuesday, August 12, 2014

नए आदेश के बाद दही हांडी की ऊंचाई 20 फुट से ज्यादा नहीं

मुंबई में दही हांडी कार्यक्रमों के दौरान होने वालों हादसों को देखते हुए अब कुछ नए नियम बनाए गए हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट के नए आदेश के बाद दही हांडी की ऊंचाई 20 फुट से ज्यादा नहीं होगी और नाबालिगों को इस कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जाएगा।
दही हांडी के दौरान बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसपर कोर्ट ने यह फैसला दिया। हाई कोर्ट मटकी फोड़ने के अभ्यास के दौरान 14 साल के लड़के की मौत के बाद यह आदेश दिया है।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद मुंबई के सभी पुलिस स्टेशनों को आदेश दिया गया है कि अगर किसी मंडल में दही हांडी फोड़ने वाली टीम में कोई नाबालिग शामिल है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Monday, August 11, 2014

रक्षा बंधन पर, मोटापे से परेशान अपनी बहन को बेरियाटिक सर्जरी का गिफ्ट

मोटापे के दर्द से सालों तक जूझने के बाद जब एक भाई को उसका समाधान मिला, तो उसी समस्या से परेशान अपनी बहन के लिए उसे राखी पर इससे ज्यादा अच्छा तोहफा नहीं मिला। एक समय पर लगभग 124 किलो के रह चुके परशुराम महात्रे ने इस रक्षा बंधन पर, मोटापे से परेशान अपनी बहन को बेरियाटिक सर्जरी का गिफ्ट दिया। केवल यही नहीं, राखी के इस पर्व पर कई भाईयों ने अपनी बहनों को मुहांसों के ट्रीटमेंट जैसे कई अन्य मेडिकल ट्रीटमेंट राखी के गिफ्ट के तौर पर दिए हैं।
33 साल के सोशल वर्कर, परशुराम महात्रे लगभग 124 किलो के थे और उनका बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) 45.5 पहुंच गया था। परशुराम बचपन से ही मोटापे से परेशान थे और शादी के बाद उनका वजन और भी बढ़ता गया। मोटापे की वजह से उन्हें हाई ब्लड प्रेशन, बेहद गंभीर ऐसिडिटी जैसी कई समस्या हो गई थी। परशुराम को बेरियाटिक सर्जरी की सलाह दी गई और उन्होंने आस्था हेल्थ केयर में लेप्रोस्कॉपिक स्लीव गेस्ट्रॉक्टमी सर्जरी कराई।
परशुराम की बहन को भी मोटापे की इसी समस्या ने घेर रखा था, जिसकी वजह से उसे बैठने, चलने और दिन प्रतिदिन के काम करने में समस्या होती थी। अपनी सर्जरी से बेहद फायदा होने के बाद परशुराम ने अपनी बहन को भी राखी पर मोटापे से मुक्त नई जिंदगी देने की सोची।
इन दोनों ही भाई बहनों की सर्जरी करने वाले बेरियाटिक सर्जन, डॉ़ मनीष मोटवानी का कहना है कि मोटापा सिर्फ देखने में बुरी लगने वाली चीज नहीं है, बल्कि कई जानलेवा बीमारियों की जड़ भी है। ऐसे में अब बेरियाटिक सर्जरी सिर्फ कॉस्मेटिक सर्जरी नहीं बल्कि स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं के लिए उपयोगी है।
 

Friday, August 8, 2014

डायना बार पर मारे गए छापे में 19 महिलाओं को कब्जे में लिया

मंगलवार की देर रात तुर्भे एमआईडीसी पुलिस द्वारा डायना बार पर मारे गए छापे में 19 महिलाओं को कब्जे में लिया गया। तुर्भे नाका स्थित इस बार में अश्लील व्यवहार की जानकारी एक एनजीओ से पुलिस को मिली थी।
इसके बाद जब पुलिस ने छापा मारा तो वहां मौजूद 19 लड़कियों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इन सबकी जांच करने के बाद 11 लड़कियों के पास बार में काम करने के लिए आवश्यक नौकरनामा पत्र नहीं पाया गया। इसी के साथ 3 लडकियां नाबालिग भी पाई गई हैं। पुलिस इन लड़कियों की उम्र की पुष्टि में लगी हुई है।
 

Wednesday, August 6, 2014

बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) से चुनाभट्टी तक फ्लाइओवर

बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) से चुनाभट्टी तक फ्लाइओवर बनाने का काम आखिरकार शुरुआती दौर में पहुंच गया। केंद्रीय पर्यावरण विभाग ने फ्लाइओवर बनाने की हरी झंडी दे दी, तो बीएमसी ने भी एनओसी देते हुए फ्लाइओवर के काम को रफ्तार दे दी है। दोनों महत्वपूर्ण विभागों की अनुमति के बाद मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी।
अनुमान है कि दो से ढाई साल में फ्लाइओवर का काम पूरा हो जाएगा। इस फ्लाइओवर के बन जाने के बाद मुंबई शहर, पूरब और पश्चिम की दूरी कम हो जाएगी। खासकर नवी मुंबई, पुणे, कोकण और गोवा की ओर जाने वालों के लिए यह फ्लाइओवर बेहद उपयोगी होगा। बीकेसी से चुनाभट्टी ईस्टर्न हाइवे तक फ्लाइओवर की कुल दूरी लगभग लगभग 3 किलोमीटर है।

इसे बनाने के लिए मीठी नदी पर खंभा डालना होगा, जिसकी अनुमति केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय नहीं दे रहा था। पर्यावरण विभाग ने अपने आदेश में साफ किया है कि नदी के हिस्से में सिर्फ एक ही पीलर डाल सकेंगे। पर्यावरण मंत्रालय की मंजूरी के बाद केबल फ्लाइओवर बनाने का सपना एमएमआरडीए का पूरा नहीं हो सकेगा। फ्लाइओवर की खूबी यह है कि वाहन चालकों को सायन-धारावी क्षेत्र से यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। वह सीधे हाइवे तक आ जा सकेगा।
बनाने पर करीब 302 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गौरतलब है कि यह फ्लाइओवर ऐसे जगह पर बनाया जाएगा, जहां पर मुंबई शहर, पूर्वी और पश्चिमी एक जगह पर आकर जुड़ता है। सायन-धारावी की भीड़भाड़ और ट्रैफिक जैम से बड़ी निजात मिलेगी। इससे लोग सीधे ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे से वेस्टर्न हाइवे और वेस्टर्न हाइवे से ईस्टर्न हाइवे तक लोग आ जा सकेंगे। इस फ्लाइओवर के बनाए जाने के बाद सांताक्रुज चेंबूर लिंक (एससीएलआर) मार्ग पर वाहनों की बाढ़ कम होगी।
बीकेसी-चुनाभट्टी फ्लाइओवर बनाने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। एमएमआरडीए जल्द ही मुंबईकरों के लिए नया और नया फ्लाइओवर दे देगा। इसकी खासियत यह है कि यह फ्लाइओवर मुंबई शहर, पश्चिम और पूर्वी उपनगर वासियों के लिए बेहद ही महत्वपूर्ण होगा। चंद मिनट में ही करीब 3 किलोमीटर की दूरी पूरी कर लेगा।
बीकेसी-चुनाभट्टी फ्लाइओवर बनाने की मांग बहुत पहले से की जा रही है, इसका फायदा लाखों वाहन चालकों को होगा। इसके बनने के बाद मुंबई शहर, पूर्वी और पश्चिमी उपनगर की दूरियां भी कम हो जाएगी। इसके अलावा सायन धारावी के ट्रैफिक जैम जैसी बड़ी मुसीबत से लोगों को छुटकारा मिल सकेगा।

Monday, August 4, 2014

24 वर्षीय मॉडल एक प्रख्यात एंटरटेनमेंट चैनल में

एक मॉडल द्वारा डीआईजी सुनील पारसकर पर लगाया गया रेप का आरोप अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक दूसरी मॉडल सह एंकर ने ओशिवरा पुलिस स्टेशन में छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है। 24 वर्षीय मॉडल एक प्रख्यात एंटरटेनमेंट चैनल में एंकरिंग भी करती है। 
पुलिस स्टेशन से जुड़े सूत्रों की मानें, तो शनिवार की रात जब मॉडल अपना काम खत्म कर ऑफिस से घर लौट रही थी, तभी नैचरल कॉफी सेंटर के पास सिद्धार्थ भारद्वाज (26) ने उसकी कार को ओवरटेक किया। मॉडल की कार जैसे ही रुकी, आरोपी सिद्धार्थ अपनी गाड़ी से उतरा और पीड़िता से बहस करने लगा।

सिद्धार्थ पर आरोप है कि उसने मॉडल के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ भी करने की कोशिश की। घटना शनिवार रात करीब पौने एक बजे की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सिद्धार्थ के खिलाफ जान से मारने की धमकी, मारपीट, गाली-गलौज, छेड़छाड़ और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओशिवरा पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी की मानें, तो इस मामले में पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल सकती है। पुलिस को उम्मीद है कि हादसे के वक्त आइसक्रीम पार्लर के पास कई लोग आइसक्रीम खाने आते हैं। पुलिस को उन लोगों से वारदात के बारे में कुछ सबूत मिल सकता है। सूत्रों के मुताबिक आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जाएगा, ताकि घटना की पुख्ता जानकारी मिल सके।
बताया जा रहा है कि मारपीट और गाली-गलौज की घटना काफी देर तक चली थी, जिसके चलते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। हालांकि, आरोपी की ओर से अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मॉडल कम एंकर का बैकग्राउंड और आरोपी सिद्धार्थ के बीच के रिलेशन को भी निकालने में जुटी है। खबर लिखे जाने तक आरोपी फरार था, जिसकी तलाश में ओशिवरा पुलिस जुटी हुई थी।