Tuesday, September 29, 2015

आतंकवादी हमले की धमकी के बाद हाई अलर्ट

मुंबई हवाई अड्डे और ताज होटेल पर आतंकवादी हमले की धमकी के बाद उसे हाई अलर्ट पर रख दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और हवाई अड्डे और ताज होटेल पर कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है।
पुलिस ने बताया कि हवाई अड्डे के मैनेजर को सोमवार देर रात एक फोन आया था। इसमें धमकी देते हुए कहा गया कि हवाई अड्डे और ताज होटेल पर धमाके हो सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इस धमकी को विशेष खतरा बताते हुए उपरोक्त जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
फोन करने वाले ने यह भी कहा था कि तीन जगहों पर विस्‍फोटकों से भरे वाहन से हमला करने की योजना भी है। सूत्रों का कहना है कि यह एक फर्जी फोन कॉल थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे हल्‍के में नहीं लेना चाहती हैं।
गौरतलब है कि यह धमकी ऐसे समय में मिली है, जब मुंबई में 7/11 को हुए सिलसिलेवार रेल बम विस्फोट मामले में दोषी करार दिए गए 12 लोगों को बुधवार को सजा सुनाई जानी है।

दक्षिणी मुंबई के पास स्थित होटल ताज से किसी अधिकारी ने इस मामले में कोई टिप्‍पणी नहीं की है। इस होटल को 26/11 में हुए आतंकी हमले में निशाना बनाया गया था, जिसमें 166 लोगों की मौत हो गई थी।

Thursday, September 24, 2015

संजय दत्त की अर्जी खारिज

महाराष्ट्र के गर्वनर ने संजय दत्त की की वो अर्जी खारिज कर दी है जिसमें उन्होंने अपनी बची हुई सजा को माफ करने का कहा था।
एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक यह नामंजूरी पूर्व जस्टिस काटजू की संजय दत्त के लिए राष्ट्र‍पति को भेजी दया याचिका के ठीक ढाई साल बाद हुई है। काटजू ने एक पत्र राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और होम मिनिस्टर सुशील कुमार शिंदे को भी लिखा था।
संजय दत्त फिलहाल अपनी पांच साल की सजा को पूरा कर रहे हैं। उन पर गैर कानूनी ढंग से हथियार रखने का आरोप है और आरोप है कि यही ‍हथियार 1993 में मुंबई में हुए बम ब्लास्ट का हिस्सा थे। इन सीरियल ब्लास्ट में 250 लोग मारे गए थे।
दत्त को जेल में लगभग 30 महीने हो चुके हैं और वे फरवरी 2016 तक आजाद होंगे।काटजू ने अपनी बहस का आधार इस बात को बनाया था कि संजय दत्त 1993 के बम ब्लास्ट में शामिल नहीं थे और वे आतंकवादी भी नहीं हैं। काटजू ने आवेदन में कहा था कि संजय दत्त पर केवल गैरकानूनी ढंग से हथियार रखने का जुर्म सिद्ध होता है।
संजय दत्त अभी 30 दिन के लिए पैरोल पर जेल से बाहर हैं। उनकी यह अवधि 26 सितंबर को पूरी हो रही है।

Wednesday, September 23, 2015

अभियोजन पक्ष सभी 12 दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग नहीं

मुंबई लोकल ट्रेन विस्फोट मामले में अभियोजन पक्ष सभी 12 दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग नहीं करेगा। 7/11 के दोषियों की सजा को लेकर यतिन शिंदे की अदालत में मंगलवार को भी बहस जारी रही। बचाव पक्ष ने अदालत से किसी भी दोषी को मौत की सजा नहीं देने की गुहार लगाई। उसकी दलील थी कि अभियोजन ने भी इनमें से किसी को मास्टर माइंड नहीं माना है। असल में ये सभी पैसे लेकर भाड़े पर काम करने वाले लोग थे।

इस पर विशेष लोक अभियोजक राजा ठाकरे ने कहा कि अपराध की गंभीरता के लिहाज से सभी अभियुक्त एक ही प्लेटफार्म पर खड़े नजर आते हैं। यदि हम सिद्धांत की बात करें, तो सभी अपराधियों के साथ एक समान व्यवहार किया जाना चाहिए और सबको मृत्युदंड दिया जाना चाहिए। हालांकि, हम सभी को मृत्युदंड देने की मांग नहीं करेंगे।

Monday, September 21, 2015

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सामान्य से भारी बारिश

भीषण सूखे से जूझ रहे महाराष्ट्र के ग्रामीण भागों में गुरुवार आधी रात से चल रही भारी बारिश ने किसानों के साथ-साथ राज्य सरकार को भी राहत की सांस लेने का मौका दे दिया है। मराठवाड़ा, विदर्भ, कोंकण, उत्तर महाराष्ट्र एवं मध्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सामान्य से भारी बारिश हुई है। कहीं-कहीं तो क्षेत्र की नदियां उफनाने लगी हैं। बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेलमार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। जलगांव-सूरत रेलमार्ग भी प्रभावित हुआ है।
जालना जिले में कुंडलिका नदी उफनाने लगी है। औरंगाबाद में 25 गांवों का संपर्क टूट गया है। यहीं के शेलूत नामक गांव के 200 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में बरसात जारी रहने की संभावना है।

मानसून के अंतिम चरण में हो रही इस बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी है। समय पर बुवाई न हो पाने के कारण फसल की कमी भले न पूरी हो सके, लेकिन पशुओं के चारे की समस्या से किसानों को मुक्ति मिल सकती है। तालाबों-बावड़ियों में पानी भर जाने से भूमिगत जलस्तर में भी सुधार की उम्मीद है। यदि नासिक और ठाणे क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई तो मुंबई महानगर में घोषित पानी की 30 फीसद कटौती भी कम की जा सकेगी। राज्य के विपक्षी दल सूखे के मुद्दे पर सरकार को घेरने लगे थे। बारिश के कारण अब सरकार भी राहत महसूस कर सकती है।

Friday, September 18, 2015

अंतिम शाही स्नान शुक्रवार को रामकुंड पर संपन्न

नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ में वैष्णव संन्यासियों के तीन अखाड़ों का अंतिम शाही स्नान शुक्रवार को रामकुंड पर संपन्न होगा। इसी शाही स्नान के साथ तीन वैष्णव अखाड़ों निर्मोही, निर्वाणी एवं दिगंबर के लिए सिंहस्थ कुंभ समाप्त हो जाएगा। शैव, उदासीन एवं सिख संन्यासियों का कुंभ 25 सितंबर को त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त कुंड में होने वाले अंतिम शाही स्नान के साथ समाप्त होगा।
देश में 12 वर्षों के अंतराल पर प्रयाग, हरिद्वार, उज्जैन एवं नासिक में कुंभ का आयोजन होता है। उज्जैन एवं नासिक के कुंभ को सिंहस्थ कुंभ कहा जाता है। नासिक देश का एकमात्र ऐसा कुंभ स्थल है, जहां न सिर्फ शैव एवं वैष्णव संन्यासियों के स्नान घाट अलग-अलग हैं, बल्कि अंतिम शाही स्नान की तिथियां भी भिन्न होती हैं। अन्य तीनों कुंभ स्थलों पर सभी अखाड़े एक ही तिथि एवं एक ही घाट पर क्रम से स्नान करते हैं।
नासिक पुरोहित संघ के अध्यक्ष पंडित सतीश शुक्ल के अनुसार सिंहस्थ कुंभ में वैष्णव एवं शैव, दोनों अखाड़े प्रमुख शाही स्नान श्रावणी अमावस्या के दिन ही करते हैं। सबसे पहले होनेवाला उप-शाही स्नान भी दोनों अखाड़े श्रावणी पूर्णिमा के दिन ही करते हैं। लेकिन अंतिम शाही स्नान दोनों का अलग-अलग तिथियों पर होता है।
वैष्णव अखाड़ों का अंतिम शाही स्नान ऋषि पंचमी के दिन होता है, जबकि शैव, उदासीन एवं निर्मल अखाड़ों का अंतिम शाही स्नान वामन द्वादशी के दिन होता है। इस बार ऋषि पंचमी 18 सितंबर को एवं वामन द्वादशी 25 सितंबर को पड़ रही है। इसलिए नासिक के रामकुंड पर वैष्णव अखाड़ों के स्नान की शुरुआत शुक्रवार सुबह सात बजे दिगंबर अखाड़े के शाही स्नान से होगी। उसके बाद निर्वाणी और निर्मोही अखाड़े स्नान करेंगे।

महाराष्ट्र में गुरुवार से 11 दिनों तक चलने वाले गणेशोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। इस त्यौहार में महाराष्ट्र में सार्वजनिक मंडलों में बड़ी-बड़ी गणपति प्रतिमाएं स्थापित करने के साथ ही ज्यादातर घरों में भी डेढ़ दिन, पांच दिन और सात दिनों के लिए गणपति प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसलिए तीसरे एवं अंतिम शाही स्नान में स्थानीय लोगों की सहभागिता की उम्मीद कम है।

Tuesday, September 15, 2015

लोकल मंगलवार को एक बड़े हादसे का शिका

शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल मंगलवार को एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार मुंबई लोकल के सात डिब्‍बे अंधेरी और चर्चगेट के बीच पटरी से उतर गए। फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दुर्घटना की वजह से पश्चिम रेलवे की लाइन प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है क‍ि जब दुर्घटना हुई तो लाग घबरा गए और ट्रेन से कूद गए जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोट आई है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है और रेलव जल्‍द इस रूट को बहाल करने की कोशिश कर रही है।

मालूम हो कि महज 24 घंटों में लोकल के साथ हादसे का यह दूसरा मामला है। इससे पहले हार्बर लाइन पर भी ट्रेन के डिब्‍बे पटरी से उतर गए थे।

Friday, September 11, 2015

मुंबई लोकल ट्रेन धमाकों के मामले में बारह आरोपियों को दोषी करार दे दिया

2006 के मुंबई लोकल ट्रेन धमाकों के मामले में बारह आरोपियों को दोषी करार दे दिया गया है वहीं एक आरोपी को रिहा कर दिया है। धमाकों के 9 साल बाद शुक्रवार को हुई सुनवाई में माकोका कोर्ट ने धमाके के कुल 13 आरोपियों में से 12 को आरोपियों जिनमें आसिफ खान, कमाल अंसारी, फैजल शेख, एहतेशाम के अलावा नवेद हुसैन शामिल हैं को दोषी करार दिया है। वहीं अब्‍दुला वाहीद शेख को अदालत ने बरी कर दिया है।
खबरों के अनुसार फिलहाल अदालत ने इन लोगों के खिलाफ सजा का एलान नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि इस केस में आरोपियों को फांसी की सजा हो सकती है। खबरों के अनुसार इस केस में अदालत सजा का एलान 14 सितंबर को करेगी।
मालूम हो कि 11 जुलाई 2006 को हुए माटुंगा से मीरा रोड के बीच एक के बाद एक 7 धमाके हुए थे। 187 लोगों की मौत हुई थी और 817 अन्य घायल हुए थे। मामले की जांच मुंबई एटीएस को सौंपी गई है, जिसने सिमी पर साजिश रचने का आरोप लगाया था।

एटीएस ने 13 लोगों को गिरफ्तार कर पूरी साजिश बेनकाब करने का दावा किया है। पाकिस्तान की शह पर प्रतिंबंधित संगठन सिमी के लोगों ने धमाकों को अंजाम दिया।