Friday, June 3, 2011

झमाझम बारिश ने समूचे महानगर को भिगो दिया।

गुरुवार की शाम मुंबई महानगर और आसपास के इलाकों के लिए काफी सुहानी रही। कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश ने समूचे महानगर को भिगो दिया। मौसम विभाग ने जहां इसे प्री-मॉनसून करार दिया, वहीं पब्लिक ने पहली बारिश के खूब मजे लूटे। कुछ जगहों पर रोजमर्रा के यात्रियों को परेशानी भी उठानी पड़ी और मध्य रेल के वाशिंद और अंबिवली रेलवे स्टेशनों के बीच बिजली खंडित होने से करीब एक घंटे तक इस लाइन पर दोनों तरफ ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार की बारिश को प्री-मॉनसून करार दिया। डिप्टी डाइरेक्टर जनरल ऑ़फ मेट्रोलॉजी आर. वी. शर्मा ने बताया कि इस बारिश ने बेहतर मॉनसून के संकेत दिए हैं, माथेरान हिल्स और आसपास की पहाड़ी से उठे बादलों ने नवी मुंबई, ठाणे शहर, डोंबिवली, कल्याण, वाशिंद, दहाणु आदि इलाकों को भिगोया, तो यहां उठे प्री-मॉनसूनी बादलों ने दक्षिण एवं मध्य मुंबई व उपनगरीय इलाकों में खूब बौछारें दीं। अगले 24 घंटों को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर व उपनगरों सहित, नवी मुंबई, ठाणे, कल्याण आदि के कुछ हिस्सों में बादलों की मौजूदगी रहेगी और कुछ इलाके छिटपुट वर्षा से गीले हो सकते हैं। अधिकतम तापमान 36 डि.से. और न्यूनतम तापमान 28 डि.से. के इर्द गिर्द रहने की उम्मीद है। फिलहाल इस बारिश ने पब्लिक को उमसभरी गर्मी से निजात दिलाई। मुंबई या उपनगरों ही नहीं, बल्कि नवी मुंबई, ठाणे शहर, कलवा, मुम्ब्रा, कल्याण, डोंबिवली, भिवंडी, उल्हासनगर, कुलगांव बदलापुर, अंबरनाथ इन इलाकों में करीब घंटे भर छमाछम बरसात हुई। वर्षा के कई जगहों पर बच्चों के अलावा बूढ़े और नौजवान महिला पुरुषों ने भीगकर बारिश का आनंद लिया। वर्षा के चलते शाम को मुंबई से ठाणे और कल्याण की तरफ आने वाले रेल यात्रियों को भारी भीड़ झेलनी पड़ी। करीब सवा छह बजे अंबिवली और वाशिंद रेलवे स्टेशनों के बीच की बिजली खंडित हो गई, जिसके चलते रेलवे प्लेटफॉर्मों पर लोगो की भीड़ जमा हो गई। करीब एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

No comments:

Post a Comment