Tuesday, November 30, 2010

एंटिलिया ' का नाम बदल कर आनंदम

दुनिया के सबसे महंगे घर ' एंटिलिया ' का नाम बदल कर आनंदम हो सकता है। इस संभावना का खुलासा 25 नवंबर को नए घर में मुकेश और नीता अंबानी द्वारा दी गई पार्टी के बाद हुआ। एंटिलिया में दी गई पार्टी में कॉरपोरेट वर्ल्ड के अलावा समाज और सिनेमा की कई जानी मानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया था। अल्टामाउंट रोड पर स्थित अंबानी एडोब के बारे में कहा जा रहा है कि आने वाले समय में लैंडमार्क भरे इस शहर को इस अद्वितीय लैंडमार्क के लिए दुनिया भर में जाना जाएगा। इस 27 मंजिला स्टेटमेंट आर्किटेक्चर में टॉप फ्लोर पर हैलीपैड की जगह को लॉन में तब्दील करने की योजना है। लोग तो इसे 21वीं सदी का ताजमहल तक कह रहे हैं। इस नायाब नमूने में सब कुछ स्वप्निल है। ग्राउंड फ्लोर पर श्री कृष्ण मंदिर को जगह दी गई है। टॉप फ्लोर पर 19 अप्रैल 1957 को जन्मे मुकेश ने अपने लिए लाइब्रेरी बनवाई है। मां कोकिला बेन को पूरा का पूरा एक फ्लोर दिया गया है। 25 तारीख की पार्टी को मीडिया से बचाने के लिए जानबूझ कर गुप्त रखा गया। पार्टी प्योर वेजिटेरियन थी। खिलाड़ियों के बीच से मुंबई इंडियन के कैप्टन सचिन और उनकी पत्नी के अलावा बॉलिवुड से शेखर कपूर, प्रीति जिंटा, आमिर खान, करण जौहर और विधू विनोद चोपड़ा आदि आमंत्रित थे। पेंटरों की दुनिया से फैमिली के साथ सतीश गुजराल तो थे ही, सुबोध गुप्ता, अतुल और अनुज दोहिया आदि थे। कॉरपोरेट वर्ल्ड से दीपक पारेख, कुमारमंगलम बिड़ला, आनंद महिन्द्रा, गौतम सिंघानिया, परमेश्वर गोदरेज ने पल पल का मजा लिया। डिनर में मां कोकिला बेन भी सीधे अनिल अंबानी की पार्टी से पहुंची थीं। मुकेश फिलहाल दुनिया के सबसे चौथे अमीर हैं। फोर्ब्स का फोरकास्ट है कि 2014 में यह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति होंगे।

No comments:

Post a Comment