Friday, January 14, 2011

स्टैंडर्ड चार्टर्ड मुंबई मैराथन का वक्त फिर से आ गया,

स्टैंडर्ड चार्टर्ड मुंबई मैराथन का वक्त फिर से आ गया, इस बार दुगुने उत्साह के साथ। विजेताओं के लिए 1 करोड़ 47 लाख का ईनाम रखा गया है जो पिछले बार की प्राइज मनी से तकरीबन 7 लाख रूपए अधिक होगा। आयोजकों की मानें तो इस बार पिछली बार की तुलना में उच्च गुणवत्ता वाले धावक हिस्सा लेने वाले हैं, जो गुरुवार से आने शुरू हो जाएंगे। इस बार प्रतिभागियों को टाइमिंग चिप्स और टाइम सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे। प्रतिभागियों को विशेष एनर्जी ड्रिंक के साथ डिहाइड्रेशन से बचने के लिए भी लिक्विड दिए जाएंगे। आयोजक समिति के जॉइंट एमडी विवेक सिंह ने बताया इस बार के मैराथन में दो मिस्ट जोन होंगे जहां धावकों को बारी-बारी से अपने शरीर का तापमान मेंटेन करने का मौका मिलेगा। विवेक की मानें तो सुबह दस बजे के आस-पास मौसम गरम होने लगता है जिसकी वजह से धावकों को काफी दिक्कत होती है। हालांकि सभी अंतरराष्ट्रीय मैराथनों में यह एक कॉमन फीचर होता है, लेकिन मुंबई मैराथन में यह पहली बार है। दो मेडिकल कैंपों के साथ एशियन हार्ट अस्पताल के डा आशीष कांट्रैक्टर पूरे वक्त धावकों पर नजर बनाए रखेंगे। डा कांट्रैक्टर के मुताबिक कैंपों में 60 बेड, दस मेडिकल स्टेशन और 350 से अधिक असिस्टेंट होंगे। यह सभी मेडिकल स्टेशन मरीन ड्राइव, चौपाटी, पेडर रोड, वर्ली, सिद्धिविनायक मंदिर, माहिम चर्च, बांद्रा, नेहरू प्लैटनेरियम और प्रिंसेस स्ट्रीट पर होंगे। इसके अलावा ही एंबुलेंसों की भी व्यवस्था कैम्पों में होगी। श्रीमद राजचंद्र के 1000 से अधिक जैन अनुयायी भी इस मैराथन में हिस्सा लेंगे। हालांकि इनके दौड़ का मकसद लव एंड केयर जिसके तहत आरोग्य सेवा, शैक्षणिक सेवा, बाल सेवा, महिला सेवा, आदिवासी सेवा, समाज सेवा, मानवीय सेवा, संकट सहायता सेवा, प्राणी सेवा और पर्यावरण सुरक्षा सेवा का महत्व बताया जाएगा। इसके अलावा इस मैराथन में 92 वर्षीय जयवंती कदम और व्हील चेयर कटैगरी में सबसे बुजुर्ग कंटेंडर रमनलाल महिमूत्र (86) भी हिस्सा लेंगे।

No comments:

Post a Comment