Friday, October 9, 2009

सत्ता किसके हाथ आएगी

महाराष्ट्र और हरियाणा में सत्ता किसके हाथ आएगी? महाराष्ट्र में शिवसेना-बीजेपी गठबंधन को कुर्सी मिलेगी या कांग्रेस-एनसीपी बाजी मार ले जाएगी। ...और हां राज ठाकरे का क्या होगा? क्या वह बीजेपी-शिवसेना का खेल बिगाड़ने तक ही सीमित रहेंगे या अपना खाता भी खोलेंगे? यह सबकुछ वोटर्स 13 अक्टूबर को तय करेंगे। लेकिन एक चैनल के ओपिनियन पोल के मुताबिक महाराष्ट्र में किसी को बहुमत नहीं मिलने जा रहा। कांग्रेस-एनसीपी सबसे बड़े गठबंधन के रूप में उभरेगा। ऐसे में राज ठाकरे 'किंग मेकर' हो सकते हैं। उधर, हरियाणा में कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में आती दिख रही है। टीवी चैनल स्टार न्यूज और नेल्सन के इस सर्वे के मुताबिक 288 की विधानसभा वाले महाराष्ट्र में कांग्रेस को 88 सीटें मिल सकती हैं। जबकि, उसके साझीदार नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी को 52 सीटें मिलने की बात कही गई है। यानी एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन के खाते में कुल 140 सीटें आ सकती हैं। उधर, शिवसेना को 63 और उसके साझीदार बीजेपी को 55 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इस तरह इस गठबंधन के खाते में कुल 118 सीटें आएंगी। और रही राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की बात तो विधानसभा चुनावों में 12 सीटों के साथ वह अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएंगे। ऐसे में बहुमत के गणित में राज बेहद खास हो सकते हैं। उधर, हरियाणा में कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में आती दिख रही है। ओपिनियन पोल के मुताबिक 90 सदस्यों की विधानसभा में कांग्रेस 65 सीटों के साथ बहुमत पा लेगी। इंडियन नेशनल लोकदल 8 और हरियाणा जन कांग्रेस को भी इतनी ही सीटें मिलने की उम्मीद है। बीएसपी को 5 और बीजेपी बस 2 सीटों पर सिमट सकती है।

No comments:

Post a Comment