Friday, May 2, 2014

महाराष्ट्र ने गुरुवार को अपना 54वां स्थापना दिवस धूमधाम

महाराष्ट्र ने गुरुवार को अपना 54वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। महाराष्ट्र दिवस की परेड का मुख्य आयोजन दादार के शिवाजी पार्क में हुआ जहां राज्यपाल के. शंकरनारायणन ने आकर्षक परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि महाराष्ट्र के लोग उद्योगी और मेहनती है और यही यहां के लोगों की सच्ची ताकत है। इन्हीं लोगों के कारण ही महाराष्ट्र प्रगति पथ पर अग्रसर है। राज्यपाल ने कहा कि महाराष्ट्र समाज सुधारकों की भूमि रही है। इन्हीं की वजह से महाराष्ट्र की एक अलग पहचान है।
महाराष्ट्र विधान भवन में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष दिलीप वलसे पाटील ने झंडा फहराया। इस अवसर पर विधानपरिषद के उपसभापति वसंत डावखरे सहित अन्य लोग थे। इससे पहले मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण सहित कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मुंबई के मेयर सुनील प्रभु ने हुत्तामा चौक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के शहीदों को याद किया।
इस अवसर पर राजभवन में वसंत राव नाइक प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में राज्यपाल ने बेगम परविन सुलताना, पंडित विजय घाटे, नयना आपटे और राष्ट्रीय शोर्य पुरस्कार पदक पाने वाले बच्चों को सम्मानित किया।

No comments:

Post a Comment