Wednesday, August 5, 2015

'नोर' छत्रपति शिवाजी स्मारक बनाएगी

दुनिया की सबसे ऊंची इमारत 'बुर्ज खलीफा' बनाने वाली कनाडा की कंपनी 'नोर' छत्रपति शिवाजी स्मारक बनाएगी। इसे प्रॉजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी के तौर पर नियुक्त किया है। अरब सागर में बनाए जाने वाले इस स्मारक के लिए तीन अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने बोली लगाई थी, किंतु समिति ने 'नोर' के अनुभव को देखते हुए उसे काम देने का निर्णय लिया। 'नोर' को जमीन पर ही नहीं, बल्कि समुद्र में भी काम करने का अनुभव है।
अरब सागर में राजभवन के पास छत्रपति शिवाजी स्मारक बनाया जाना है। इस पर करीब 1,900 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। स्मारक के साथ ही इसमें संग्रहालय, ऐम्पिथियेटर, डॉल्फिन अक्वेरियम आदि बनाए जाने की योजना है। 'नोर' इस स्मारक को 'पेंटाकल' के साथ मिलकर बनाएगी। बोली लगाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने भारतीय कंपनियों के साथ हिस्सेदारी कर बोली लगाई थी। 'नोर' के अलावा 'स्टूप कसंल्टेंट प्रा. लि.' और 'फेयरफोर्ड कंसल्टेंट' भी इस रेस में शामिल थीं।
सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉक्टर पी.एस. मीणा के अनुसार, तीनों कंपनियों में तकनीकी तौर पर 'पेंटाकल-नोर' ज्यादा मजदूत और अनुभव वाली हैं। 'पेंटाकल-नोर' ने ही दुनिया की सबसे ऊंची इमारत 'बुर्ज खलीफा' का डिजाइन तैयार किया था। इन्हें 'अटलांटिस सिटी' की डिजाइन बनाने का श्रेय भी जाता है। कंपनी का चयन समिति ने किया है। इस संबंध में शुक्रवार को 'पेंटाकल' और 'नोर' के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।

No comments:

Post a Comment