Wednesday, September 17, 2014

27 साल की एक महिला पेशंट रविवार को अचानक गायब

पिछले कई दिनों से बीएमसी के केईएम अस्पताल में इलाज करा रही 27 साल की एक महिला पेशंट रविवार को अचानक गायब हो गई। दो दिन बाद भी नवी मुंबई की रहने वाली इस मरीज की कोई जानकारी अस्पताल को नहीं लग पाई है। यह पहला वाक्या नहीं है जब अस्पताल से कोई पेशंट इस तरह गायब हो गया है। केईएम अस्पताल के मरीजों के गायब होने की शिकायत का रिकॉर्ड रखने वाले विभाग के अनुसार इस अस्पताल में औसतन हर दिन एक पेशंट के गायब होने की शिकायत दर्ज की जाती है।
पूजा तिवारी (27) केईएम अस्पताल के सायकायट्रिक विभाग में अपना इलाज ले रही थी। अस्पताल के वॉर्ड नंबर चार में ऐडमिट यह लड़की रविवार को अचानक अस्पताल से गायब हो गई और लड़की के परिजनों ने मामले की शिकायत अस्पताल में ही दर्ज कराई। केईएम अस्पताल के सहायक सुरक्षा अधिकारी, संदीप ए पाटिल का कहना है कि इस महिला के साथ उसके परिवार वाले मौजूद थे। ऐसे में अपने मरीज का ध्यान रखना उसके रिश्तेदारों का भी काम है। हम अस्पताल चला रहे हैं और हमारा काम चिकित्सा की सेवा देना है। इस तरह से लोगों का अस्पताल से जाना या गायब होना कोई नई बात नहीं है।
केईएम अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल के रिकॉर्ड में दर्ज ऐसे मामलों की बात करें तो यहां औसतन हर दिन एक मरीज के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज होती है। सहायक सुरक्षा अधिकारी संदीप पाटिल का कहना है कि कई बार पेशंट घर पहुंच जाता है और रिश्तेदार यहां पेशंट ढूंढते रहते हैं। इसके अलावा लंबी बीमारी के चलते भी कई मरीज परेशान हो कर अस्पताल से चले जाते हैं। वहीं अस्पताल की एक्टिंग डीन, डॉक्टर शुभांगी पारकर से इस विषय पर संपर्क नहीं हो पाया। गौरतलब है कि डॉक्टर पारकर उसी विभाग की हेड भी हैं, जिससे यह लड़की गायब हुई है। 

No comments:

Post a Comment